राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत गिरिडीह में सड़क सुरक्षा को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। समाहरणालय परिसर से उप विकास आयुक्त श्रीमती स्मृता कुमारी ने हरी झंडी दिखाकर बाइक रैली को रवाना किया, जो बराकर पुल तक गई। रैली के दौरान “सीख से सुरक्षा, तकनीक से परिवर्तन” का नारा गूंजता रहा। इस अवसर पर नुक्कड़ नाटक एवं सड़क सुरक्षा शपथ समारोह भी आयोजित किया गया, जिसमें लोगों को हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग तथा यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया गया।

जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने कहा कि अधिकतर दुर्घटनाएं नियमों की अनदेखी से होती हैं, इसलिए वाहन चलाते समय गति सीमा, दस्तावेजों की वैधता और सुरक्षा उपायों का पालन जरूरी है। पूरे जिले में रथ अभियान, वाहन जांच, क्विज, हेलमेट जागरूकता और स्कूल कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है।













