गिरिडीह नगर पालिका चुनाव को लेकर गिरिडीह सदर प्रखंड सह अंचल कार्यालय में युद्ध स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। प्रत्याशियों को सुगमता और व्यवस्थित ढंग से नामांकन दाखिल करने के लिए कार्यालय परिसर के बाहर बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही सभी निर्वाची पदाधिकारियों के कार्यालयों में आवश्यक संसाधन, दस्तावेज़ी व्यवस्था एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जा रही है, ताकि नामांकन प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके।

बताया गया कि गिरिडीह नगर निगम के वार्ड संख्या 1 से 36 तक के प्रत्याशी गिरिडीह सदर प्रखंड एवं अंचल कार्यालय में ही नामांकन करेंगे। इसे लेकर मनोनीत चारों निर्वाची पदाधिकारी लगातार रिटर्निंग अफसरों के साथ बैठक कर फेयर नॉमिनेशन समेत निर्वाचन से जुड़े सभी कार्यों की समीक्षा कर रहे हैं और तैयारियों की स्वयं मॉनिटरिंग कर रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चुनावी प्रक्रियाओं को विधिवत रूप से पूरा करने के लिए हर स्तर पर तैयारी की जा रही है, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।












