गिरिडीह बगोदर थाना क्षेत्र अंतर्गत हरिहर धाम रोड पर देर रात करीब दस बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कोयला लदी बाइक और एक कार के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि कार सवार को भी चोटें आई हैं। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बाइक सवार हजारीबाग की ओर से बगोदर की तरफ कोयला लेकर आ रहा था, जबकि कार बगोदर से विपरीत दिशा में जा रही थी। सूचना मिलते ही बगोदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए भेजा। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर थाना लाया है। बगोदर थाना पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।












