गिरिडीह – जिले में 77वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया.मुख्य समारोह शहर के झंडा मैदान में संपन्न हुआ. झंडा मैदान में राज्य के नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने झंडा फहराया.इससे पूर्व जिला पुलिस बल, एनसीसी कैडेट व विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत आकर्षक परेड का निरीक्षण मंत्री ने किया.

निरीक्षण के दौरान मंत्री के साथ जिला के उपायुक्त रामनिवास यादव तथा पुलिस अधीक्षक डॉक्टर विमल कुमार मौजूद थे. परेड की सलामी के बाद सोनू ने झंडोतोलन किया. झंडे की सलामी उपरांत सभा को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि अन्याय के खिलाफ प्रतिरोध की धरती झारखंड है. कहा कि प्रतिरोध की धरती ने हर जुल्म के विरुद्ध आवाज उठाने का साहस दिखाया है.उन्होंने कहा कि संविधान का निर्माण निशक्तों व कमजोरों की बेहतरी के लिए किया गया है. संविधान लागू करना केवल पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की जिम्मेवारी नहीं है, बल्कि नागरिकों की भी जिम्मेदारी बनती है कि हर अन्याय के खिलाफ खड़े हो.

उन्होंने कहा कि संविधान निर्माण में झारखंडी का भी योगदान है.मंत्री ने कहा कि विगत दो चुनाव में राज्य सरकार को अपार समर्थन मिला है.राज्य सरकार भी हर संभव प्रयास कर रही है कि विकास की रोशनी समाज के निचले स्तर तक पहुंचाई जाए. उन्होंने स्वास्थ्य,शिक्षा सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं में मिली सफलता का भी विस्तार से चर्चा की. समारोह में विभिन्न विभागों द्वारा 18 प्रकार की झांकियां निकाली गई. झांकी के माध्यम से सरकार की योजनाओं और सामाजिक संदेशों को दर्शाया गया.

विशेष रूप से बाल विवाह जैसे गंभीर सामाजिक मुद्दे पर आधारित झांकी को लोगों ने खूब सराहा.कार्यक्रम का समापन मंत्री, उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक ने तिरंगे रंग के गुब्बारे को छोड़ किया.यह दृश्य इस संदेश का प्रतीक बना कि राज्य निरंतर प्रगति और ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है. समारोह में बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि छात्र-छात्राएं एवं आम नागरिक उपस्थित थे.













