गिरिडीह 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर झंडा मैदान, गिरिडीह में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह को लेकर आज उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी श्री रामनिवास यादव एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने झंडोत्तोलन व परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास किया। इस दौरान परेड दलों की सलामी, कार्यक्रमों की समय-सारिणी, मंच व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की बारीकी से समीक्षा की गई। समारोह को गरिमापूर्ण और सुव्यवस्थित बनाने के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सार्जेंट मेजर के नेतृत्व में परेड दलों ने अनुशासित ढंग से अभ्यास पूरा किया।

मीडिया से बातचीत में उपायुक्त ने जिलेवासियों से मुख्य समारोह में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि राष्ट्रभक्ति और अनुशासन के साथ इस राष्ट्रीय पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आत्मविश्वास, ऊर्जा और राष्ट्रप्रेम के साथ कार्यक्रम को भव्य बनाएं। उपायुक्त ने यह भी बताया कि नगर भवन में शाम 6 बजे से देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।













