गिरिडीह प्रकाश पुंज पब्लिक स्कूल, पाण्डेयडीह सिरसिया में भारत रत्न नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती उत्साहपूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय की ओर से जागरूकता रैली निकाली गई, जो पाण्डेयडीह से सीतलपुर होते हुए बिरसा मोड़ तक पहुंची। रैली में विद्यार्थियों व शिक्षकों ने देशभक्ति नारों के साथ नेताजी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रिंसिपल श्याम सुंदर प्रसाद वर्मा ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को नेताजी के आदर्शों पर चलने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि नेताजी ने अपने ओजस्वी भाषणों और “तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आज़ादी दूंगा” जैसे नारों से भारत की स्वतंत्रता की लड़ाई को नई दिशा दी और विश्व पटल पर भारत के नेतृत्व की क्षमता का लोहा मनवाया। कार्यक्रम को सफल बनाने में लीलावती वर्मा, मेनका महतो, रिशु कुमारी, पूर्णिमा महतो, उमा भारती, ज्योति सिन्हा, विनोद राय, अंजली कुमारी, बसंत आनंद, अरुण राणा सहित अन्य शिक्षकों एवं कर्मियों की सराहनीय भूमिका रही।












