गिरिडीह– कड़ाके की ठंड को देखते हुए हेल्पिंग कॉर्प्स फाउंडेशन की टीम ने सोमवार देर रात गिरिडीह टाउन के विभिन्न इलाकों में फुटपाथ पर सो रहे जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण किया। सदर अस्पताल परिसर, बस पड़ाव, बड़ा चौक सहित अन्य स्थानों पर पहुंचकर टीम ने जरूरतमंदों को कंबल देकर राहत पहुंचाई। इस मानवीय पहल से ठंड से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिली।
हेल्पिंग कॉर्प्स फाउंडेशन के अध्यक्ष विशाल गंभीर एवं राज्य उपाध्यक्ष मनोज चावला ने बताया कि ठंड के मौसम में जरूरतमंदों की मदद के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में गिरिडीह, रांची सहित अन्य जिलों में स्वास्थ्य शिविर और लीगल एड जैसे जनहितकारी कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। जिला कोऑर्डिनेटर अमर कुमार ने बताया कि फाउंडेशन लगातार कई जिलों में सामाजिक सेवा की मुहिम चला रहा है। इस मौके पर राज्य संयोजक राजेश सिन्हा, पर्यावरण संरक्षण सेल के राज्य सचिव जगजीत सिंह बग्गा सहित कई सदस्य मौजूद रहे।












