गिरिडीह राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के 21वें दिन जिले भर के सभी विद्यालयों में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रभात फेरी, जागरूकता कार्यक्रम और शपथ आयोजन किया गया। जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में छात्रों, शिक्षकों और आम लोगों को यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया गया। प्रभात फेरी के माध्यम से हेलमेट, सीट बेल्ट और सुरक्षित ड्राइविंग को लेकर लोगों को जागरूक किया गया।

जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधन मो. वाजिद हसन ने बताया कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं नियमों की अनदेखी से होती हैं। उन्होंने बाइक चलाते समय हेलमेट, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट, गति सीमा का पालन और सभी वाहन दस्तावेज दुरुस्त रखने की अपील की। कार्यक्रम के तहत जागरूकता रथ, सघन वाहन जांच, ड्रंक एंड ड्राइव अभियान, रोड सेफ्टी शपथ, नुक्कड़ नाटक, क्विज, हेलमेट वितरण और स्कूल स्तरीय गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। अभियान में शिक्षक, ट्रैफिक पुलिस और सड़क सुरक्षा से जुड़े पदाधिकारी उपस्थित रहे।












