Aba News

जमीन विवाद में बेंगाबाद का पंजाबी गार्डन होटल बना रणक्षेत्र, हथियारबंद उपद्रवियों ने की तोड़फोड़ और मारपीट

गिरिडीह – बेंगाबाद मुख्य मार्ग पर कर्णपुरा के समीप स्थित पंजाबी गार्डन होटल गुरुवार देर रात उस समय दहशत का केंद्र बन गया, जब 30 से 40 की संख्या में हथियारबंद उपद्रवियों ने होटल पर अचानक हमला कर दिया। उपद्रवियों ने होटल में घुसते ही जमकर तोड़फोड़ की और होटल संचालक संदीप बरनवाल सहित अनिल यादव व मुकेश यादव के साथ बेरहमी से मारपीट की। मारपीट के बाद तीनों को होटल के अंदर बंद कर बाहर से ताला जड़ दिया गया, जिससे कर्मचारियों और आसपास के लोगों में भय का माहौल बन गया।

सूचना मिलने पर बेंगाबाद थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और होटल में बंद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस के पहुंचने से पहले उपद्रवी फरार हो गए, हालांकि एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है। प्रारंभिक जांच में मामला जमीन विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। होटल संचालक ने संजीव मोदी और उनके सहयोगियों पर हमले का आरोप लगाया है। पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें