गिरिडीह के मकतपुर स्थित डॉक्टर लेन पर पूर्व विधायक निर्भय शाहबादी के आवास पर गुरुवार को मकर संक्रांति के अवसर पर दही-चूड़ा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिलेभर के लोग और पार्टी कार्यकर्ता इस आयोजन में शामिल हुए। कार्यक्रम में सभी ने एक साथ बैठकर दही-चूड़ा, तिलकुट तिल का आनंद लिया। यह आयोजन पारंपरिक रूप से खुला रखा गया, जिसमें कोई विशेष निमंत्रण नहीं था और लोग बिना बुलावे के पहुंचकर पर्व की खुशियों में सहभागी बने।

पूर्व विधायक निर्भय शाहबादी ने उपस्थित लोगों को मकर संक्रांति की शुभकामनाएं दी और कहा कि यह पर्व आपसी सौहार्द और सामूहिक उल्लास का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि इस तरह के आयोजन समाज में भाईचारा और मेलजोल बढ़ाने का माध्यम बनते हैं। मौके पर कई गणमान्य नागरिक और स्थानीय लोग उपस्थित रहे, जिन्होंने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे सफल और उत्साहपूर्ण बताया।













