जमुआ प्रखंड के जोरासांख चौक पर कांग्रेस पार्टी के मंडल कार्यालय का भव्य उद्घाटन मकर संक्रांति के शुभ अवसर पर किया गया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सतीश केडिया ने फीता काटकर कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि यह केवल शुरुआत है और पार्टी की योजना हर मंडल में कार्यालय खोलने की है, ताकि कार्यकर्ता सीधे जनता से जुड़कर उनकी समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभा सकें। उद्घाटन समारोह में पूर्व जिला अध्यक्ष नरेश वर्मा, देवरी बीस सूत्री अध्यक्ष बिमल सिंह, जमुआ बीस सूत्री अध्यक्ष जुनेद आलम सहित कई वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और समाजसेवी उपस्थित रहे।

मकर संक्रांति के अवसर पर खिचड़ी भोज का आयोजन किया गया, जिसमें कार्यकर्ताओं व स्थानीय ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के बाद गरीब, असहाय एवं दिव्यांगजनों के बीच कंबल का वितरण किया गया। इस सामाजिक पहल ने आयोजन को जनसेवा से जोड़ते हुए क्षेत्र में सकारात्मक संदेश दिया।












