गिरिडीह – ग्रामीण इलाकों में आम जनता तक पुलिस की पहुँच बढ़ाने और जनविश्वास को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से गिरिडीह पुलिस द्वारा चलाई जा रही विशेष पहल के तहत बुधवार 14 जनवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक गिरिडीह गांडेय थाना क्षेत्र के सुदूरवर्ती महेशपुर तिलोबनी गांव पहुँचे। इस दौरान एसपी ने जरूरतमंद एवं विकलांग ग्रामीणों के बीच ठंड से बचाव के लिए कंबल व अन्य आवश्यक सामग्री का वितरण किया। अचानक गांव में एसपी की मौजूदगी से ग्रामीणों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि गिरिडीह पुलिस हरसंभव मदद के लिए सदैव तत्पर है। उन्होंने कहा कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं, बल्कि सामाजिक दायित्व निभाना भी उसका कर्तव्य है। इस अवसर पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर गिरिडीह तथा संबंधित थाना प्रभारी भी उपस्थित रहे। पुलिस की इस मानवीय पहल से ग्रामीणों के बीच पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ।













