गिरिडीह सड़क सुरक्षा माह के तहत गिरिडीह पुलिस और जिला परिवहन विभाग द्वारा जिलेभर में लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में देर रात ट्रैफिक डीएसपी कौसर अली के नेतृत्व में शहरी क्षेत्र के मकतपुर में विशेष अभियान चलाया गया। डीएसपी स्वयं पंपलेट लेकर सड़क पर उतरे और लोगों, खासकर युवाओं, को यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया। हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरस्पीड और सुरक्षित ड्राइविंग पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि नियमों का पालन ही हादसों को कम कर सकता है।

अभियान के दौरान डीएसपी कौसर अली ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि सड़क पर किसी घायल को देखकर डरें नहीं, बल्कि तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि घायल को अस्पताल ले जाने पर पुलिस किसी तरह से परेशान नहीं करेगी। साथ ही बताया कि यदि कोई व्यक्ति एक घंटे के भीतर घायल को अस्पताल पहुंचाता है तो सरकार की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे जागरूक नागरिक बनें और दूसरों को भी प्रेरित करें।













