जननायक शहीद कॉमरेड महेन्द्र सिंह के 16 जनवरी को होने वाले शहादत दिवस को लेकर गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड के पूर्वी, मध्य और पश्चिमी ज़ोन में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में भाकपा (माले) की ओर से मंगलवार को भव्य झंडा मार्च निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। लाल झंडों के साथ “16 जनवरी बगोदर चलो” और “शहीद महेन्द्र सिंह अमर रहें” जैसे नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।
भाकपा माले प्रखंड सचिव शेखर सुमन ने कहा कि शहीद महेन्द्र सिंह के संघर्ष और बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने आम लोगों से 16 जनवरी को बगोदर पहुंचकर कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने की अपील की। झंडा मार्च से पूरे क्षेत्र में शहादत दिवस को लेकर जबरदस्त जनउत्साह देखने को मिला।












