गिरिडीह जिले के औद्योगिक क्षेत्र में एक बार फिर औद्योगिक सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत चाइना मोड़ के समीप स्थित कार्बन रिसोर्स फैक्ट्री में आज सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब फैक्ट्री के फर्नेस में अचानक ब्लास्ट हो गया। ब्लास्ट के तुरंत बाद फैक्ट्री परिसर में गैस का तेज रिसाव शुरू हो गया, जिसकी चपेट में आकर एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद फैक्ट्री में कुछ देर के लिए कामकाज पूरी तरह ठप हो गया और मजदूरों में दहशत का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह शिफ्ट के दौरान फर्नेस में काम चल रहा था, तभी तेज धमाके के साथ ब्लास्ट हुआ। इसके बाद जहरीली गैस फैलने लगी। इसी दौरान फैक्ट्री में कार्यरत मजदूर पिंटू तूरी, निवासी भोरंडीहा (मुफस्सिल थाना क्षेत्र), गैस की चपेट में आ गए और उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। अन्य मजदूरों ने तत्परता दिखाते हुए घायल पिंटू तूरी को फैक्ट्री से बाहर निकाला और तुरंत इलाज के लिए गिरिडीह के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
बताया जा रहा है कि गैस के असर से मजदूर की हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। कई मजदूर डर के कारण फैक्ट्री से बाहर निकल आए। सूचना मिलते ही स्थानीय स्तर पर भी घटना को लेकर चर्चा तेज हो गई, क्योंकि इससे पहले भी जिले के औद्योगिक इलाकों में इस तरह की घटनाएं सामने आती रही हैं।
फिलहाल इस घटना की सूचना मुफस्सिल थाना पुलिस और संबंधित विभाग को दे दी गई है। उम्मीद जताई जा रही है कि प्रशासन द्वारा फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों और हादसे के कारणों की जांच की जाएगी। स्थानीय लोगों और मजदूर संगठनों का कहना है कि औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा उपायों की अनदेखी के कारण मजदूरों की जान जोखिम में पड़ रही है। इस हादसे के बाद एक बार फिर फैक्ट्री प्रबंधन की जिम्मेदारी और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठने लगे हैं।












