गिरिडीह सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बरगंडा में सोमवार को राष्ट्रीय युवा दिवस एवं स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर भव्य पूर्व छात्र समागम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य आनंद कमल, पूर्व छात्र एवं सह सचिव सीए राकेश कुमार तथा संयोजक रितेश चंद्र द्वारा स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि यह समागम पूर्व छात्रों को एक मंच प्रदान करता है, जिससे वे अपने विद्यालय से जुड़े रहकर समाज और शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक योगदान दे सकें।

कार्यक्रम में आचार्य अजीत मिश्रा, नलिन कुमार, नगीना बरनवाल एवं अरविंद त्रिवेदी ने स्वामी विवेकानंद के विचारों, संस्कारों और शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। देशभक्ति गीत और प्रेरणादायी वक्तव्यों से माहौल भावनात्मक हो उठा। समागम में उपस्थित सभी पूर्व छात्रों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मीडिया प्रभारी राजेंद्र लाल बरनवाल, सेवानिवृत्त सैनिक विद्याभूषण, सीए राकेश रोशन सहित विद्यालय के सभी आचार्य-दीदी उपस्थित रहे।












