गिरिडीह मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा रविवार को टावर चौक स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के समीप एकदिवसीय उपवास एवं प्रतीकात्मक विरोध कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं महिलाएं शामिल हुईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा ने की।

अशोक विश्वकर्मा ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि पहले महात्मा गांधी को शारीरिक रूप से मिटाया गया और अब उनके विचारों से जुड़ी मनरेगा जैसी ऐतिहासिक योजना से उनका नाम हटाकर मजदूरों के अधिकारों पर चोट की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह कदम मजदूरों और ग्राम सभाओं के अधिकारों का हनन है और इसका लाभ बड़े पूंजीपतियों को पहुंचाने की साजिश है। उन्होंने बताया कि सोमवार से कांग्रेस पंचायत स्तर तक जाकर मजदूरों को जागरूक करेगी। कार्यक्रम में युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष सोहेल अख्तर, नगर अध्यक्ष सरफराज अंसारी, पूर्व जिलाध्यक्ष धनंजय सिंह समेत बड़ी संख्या में नेता, महिलाएं और कार्यकर्ता मौजूद थे।












