Aba News

पुस्तकालयों के सुदृढ़ीकरण पर जोर, विधानसभा समिति ने गिरिडीह में की समीक्षा बैठक

झारखंड विधानसभा की पुस्तकालय विकास समिति ने गुरुवार को गिरिडीह जिले का दौरा कर परिसदन भवन स्थित सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रमंडल, जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर संचालित सरकारी व गैर-सरकारी पुस्तकालयों, कारा एवं बाल सुधार गृह के पुस्तकालयों तथा विभिन्न विभागों के अंतर्गत संचालित पुस्तकालयों की स्थिति की समीक्षा की गई। उप विकास आयुक्त ने समिति को जानकारी दी कि पुस्तकालयों में बच्चों के लिए प्रतियोगी परीक्षा से संबंधित पुस्तकें, साहित्यिक कृतियां, इंटरनेट और वाई-फाई सुविधा उपलब्ध कराई गई है तथा सभी प्रखंडों में पुस्तकालय निर्माण की प्रक्रिया जारी है।

समिति ने पुस्तकालयों में बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, इंटरनेट कनेक्टिविटी, अद्यतन पुस्तकें और दैनिक समाचार पत्रों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पंचायत भवनों में ज्ञान केंद्रों के सुदृढ़ संचालन पर बल दिया गया। बैठक में शिक्षा, आपूर्ति, मनरेगा, पीएम आवास, अबुआ आवास, मईया सम्मान, सावित्रीबाई फुले समृद्धि सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें