गिरिडीह बाल विवाह की रोकथाम, सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन और महिलाओं-बालिकाओं के सशक्तिकरण को लेकर खोरीमहुआ अनुमंडल कार्यालय में बाल विवाह मुक्त झारखंड एवं मिशन शक्ति के तहत अनुमंडल स्तरीय एक दिवसीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव एवं जिला परिषद अध्यक्ष मुनिया देवी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जन जागरूकता बढ़ाना, बाल विवाह से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी देना और विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि मिशन शक्ति महिलाओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए एक समग्र योजना है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह केवल सामाजिक कुरीति नहीं, बल्कि एक गंभीर अपराध है, जिसे जड़ से समाप्त करने के लिए समाज के हर व्यक्ति को आगे आना होगा। जिला परिषद अध्यक्ष ने बेटियों को समान शिक्षा और सम्मान देने पर जोर दिया, जबकि एसडीओ अनिमेष रंजन ने बाल विवाह को बच्चों के मौलिक अधिकारों का उल्लंघन बताया।













