गिरिडीह भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को और मजबूत करते हुए गिरिडीह जिले को नया नेतृत्व दिया है। रंजीत राय को भाजपा महानगर जिलाध्यक्ष और महेंद्र वर्मा को भाजपा ग्रामीण जिलाध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा के बाद भाजपा जिला कार्यालय में जश्न का माहौल देखने को मिला। वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में आयोजित सम्मान समारोह में दोनों नवनियुक्त जिलाध्यक्षों का फूल-माला पहनाकर और तलवार भेंट कर भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान आतिशबाजी, मिठाई वितरण और उत्साहपूर्ण नारों के साथ कार्यकर्ताओं ने खुशी जाहिर की।

समारोह के बाद कार्यकर्ताओं ने दोनों जिलाध्यक्षों के साथ भव्य शोभा यात्रा भी निकाली। मौके पर चुनाव प्रभारी शशि भूषण भगत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रविंद्र कुमार राय, प्रदेश उपाध्यक्ष विकास प्रीतम सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। दोनों नवनियुक्त जिलाध्यक्षों ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी चुनावों में भाजपा को और सशक्त बनाने का संकल्प दोहराया।













