गिरिडीह के बिरनी स्थित पार्टी कार्यालय में जननायक शहीद कामरेड महेंद्र सिंह के 21वें शहादत दिवस की तैयारी को लेकर भाकपा माले जिला स्टेंडिंग कमेटी की बैठक संपन्न हुई। बैठक की शुरुआत शहीद शेख बिहारी और टिकेत उमराम सिंह के चित्र पर श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। बैठक में पार्टी के राज्य सचिव मनोज भक्त, बगोदर के पूर्व विधायक कामरेड बिनोद कुमार सिंह और राजधनवार के पूर्व विधायक राजकुमार यादव मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक में निर्णय लिया गया कि भाजपा द्वारा शहीद महेंद्र सिंह के विरुद्ध अमर्यादित टिप्पणियां गरीब, किसान, मजदूर और दलित समुदाय की आवाज दबाने की सोची-समझी रणनीति है और इसका पूरी तरह उत्तर देने का संकल्प लिया गया।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि महेंद्र सिंह की विरासत को बचाते हुए गरीबों और किसानों के मुद्दों पर आंदोलन तेज किया जाएगा। बगोदर के पांच मजदूरों की वतन वापसी, छात्रवृत्ति भुगतान, मईया सम्मान योजना, अबुआ आवास, बालू की लूट और सहारा इंडिया में फंसे पैसों जैसे मुद्दों को लेकर आंदोलन चलाया जाएगा। इस बार बगोदर में 25 हजार लोगों की गोलबंदी सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया। बैठक में जिला सचिव अशोक पासवान, उस्मान अंसारी, सीताराम सिंह, परमेश्वर महतो, भोला मंडल सहित कई अन्य पार्टी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।












