गिरिडीह जिले के नगर थाना क्षेत्र में सिहोडीह पुल के पास गुरुवार शाम दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दोनों बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। टक्कर के तुरंत बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीण व स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, जिन्होंने घायल सवारों की मदद की।

जानकारी के अनुसार, एक बाइक पर सवार युवक अपनी परीक्षा देने गई युवती को गिरिडीह महिला कॉलेज से बेंगाबाद घर छोड़ने जा रहा था, जबकि दूसरी बाइक बेंगाबाद के महदइया से गिरिडीह की ओर आ रही थी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे। घायलों को गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों की पहचान उर्मिला कुमारी (20), सुभाष कुमार (29) और सुभाष कुमार मंडल (22) के रूप में हुई है। घटना की सूचना पाकर नगर थाना पुलिस भी जांच में जुट गई है।













