गिरिडीह समाहरणालय सभागार में उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी की अध्यक्षता में CSR, SCA एवं DMFT अनटाइड फंड से क्रियान्वित विकास योजनाओं को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की विभिन्न कंपनियों और औद्योगिक इकाइयों द्वारा CSR मद से किए जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। उप विकास आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी विकास योजनाओं में गुणवत्ता, समयबद्धता और पारदर्शिता हर हाल में सुनिश्चित की जाए। लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने और खनन प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों को तेज गति देने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में DMFT और अनटाइड फंड से संचालित योजनाओं की भी बारी-बारी से समीक्षा की गई। स्मृता कुमारी ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता दी जाए। विद्यालयों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को सुदृढ़ करने, अधिक पौधारोपण करने तथा कंबल वितरण में आधार कार्ड अनिवार्य रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने चेतावनी दी कि विकास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में उद्योग विभाग के अधिकारी, औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे।












