गिरिडीह जिले के गांवा थाना क्षेत्र अंतर्गत पिहरा पूर्वी पंचायत के मानपुर चौक में चोरी की कोशिश करते एक व्यक्ति को ग्रामीणों ने रंगेहाथ पकड़ लिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने पहले उसकी जमकर पिटाई की और फिर खंभे से बांधकर रखा। पकड़े गए आरोपी की पहचान कुर्वातरी निवासी सहायक अध्यापक रंजीत यादव के रूप में हुई है। बताया गया कि आरोपी मानपुर चौक स्थित दिलीप साव की दुकान का ताला तोड़ने का प्रयास कर रहा था। दिलीप साव अपने परिवार के साथ दुकान के ऊपर रहते हैं। देर रात ताला टूटने की आवाज सुनकर परिजन बाहर निकले, तो आरोपी भागने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने उसे खदेड़कर पकड़ लिया।

घटना की सूचना मिलने पर गांवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उसके पास से सबल और रेंच जैसे औजार भी बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है।












