गिरिडीह होटल संगम गार्डन में एकता कल्चरल फाउंडेशन की ओर से सुर सम्राट मोहम्मद रफ़ी साहब का 101वां जन्मदिन बड़े ही हर्षोल्लास और सांगीतिक माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित विशेष संगीत संध्या में शहर के कई नामचीन गायकों ने रफ़ी साहब के सदाबहार गीतों को अपने सुरों से जीवंत कर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत एकता कल्चरल फाउंडेशन के अध्यक्ष बब्लू सानू की गायकी से हुई, जिन्होंने अपनी प्रस्तुति से मुख्य अतिथियों समेत मौजूद श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद एक से बढ़कर एक गीतों की प्रस्तुति ने पूरे माहौल को संगीत से सराबोर कर दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डीएसपी कौशर अली, झामुमो कार्यकर्ता व समाजसेवी इरशाद अहमद वारिस, सिटी न्यूज़ के ब्यूरो चीफ अभिषेक सहाय, अली आर्ट्स के ऑनर कौशर अली सहित अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। सभी अतिथियों को बुके, शॉल और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। मंच पर लेडीज सिंगर अंशु राणा ने बब्लू सानू के साथ युगल गीत प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम को सफल बनाने में चेयरमैन राजेश सिन्हा, महासचिव पंकज शर्मा, सचिव कासिम खान, कोषाध्यक्ष तैयब बाबू समेत संस्था के सभी सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा। देर शाम तक चले इस संगीत समारोह में श्रोताओं ने रफ़ी साहब के अमर गीतों का भरपूर आनंद लिया।













