गिरिडीह नगर निकाय चुनाव में लगातार हो रही देरी के विरोध में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी ने जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहर में पैदल मार्च निकालते हुए जिला समाहरणालय पहुंचकर उपायुक्त कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने नगर निकाय चुनाव शीघ्र कराने की मांग उठाई।प्रदर्शन में पूर्व सांसद रविंदर राय, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष विकास प्रीतम, निवर्तमान महापौर सुनील पासवान, जिला अध्यक्ष महादेव दुबे, विनय सिंह, नगर अध्यक्ष हरविंदर सिंह बग्गा सहित कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी शामिल हुए। सैकड़ों कार्यकर्ता हाथों में पार्टी झंडा लेकर सरकार विरोधी नारे लगाते नजर आए।

सभा को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि जानबूझकर नगर निकाय चुनाव में देरी की जा रही है, जिससे लोकतांत्रिक व्यवस्था कमजोर हो रही है। नगर निकायों के लंबे समय से भंग रहने के कारण शहरी विकास प्रभावित हो रहा है। भाजपा नेताओं ने पार्टी आधारित चुनाव और ईवीएम से मतदान की मांग करते हुए कहा कि इससे पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होगी।प्रदर्शन के बाद उपायुक्त के माध्यम से राज्य सरकार को ज्ञापन सौंपा गया और चेतावनी दी गई कि यदि जल्द चुनाव की घोषणा नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।












