गिरिडीह–कोडरमा रेल लाइन पर रेम्बा रेलवे स्टेशन के समीप ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। रेल लाइन के किनारे शव मिलने की सूचना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान जगदेव प्रसाद सिंह के पुत्र संतोष कुमार सिंह के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार संतोष कुमार सिंह बुधवार की शाम घर से बाहर निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। गुरुवार सुबह रेलवे ट्रैक के पास शव दिखाई देने पर स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना प्रशासन को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। प्रारंभिक जांच में युवक की मौत ट्रेन से कटकर होने की बात सामने आई है। मृतक के पिता द्वारा लिखित आवेदन दिए जाने के बाद पोस्टमॉर्टम नहीं कराया गया। पुलिस ने औपचारिक प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।












