गिरिडीह जिला उपायुक्त रामनिवास यादव ने आज समाहरणालय सभागार में जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक की और स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण फेज 2 तथा जल जीवन मिशन की विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की बारी-बारी समीक्षा की। बैठक में उपायुक्त ने हर घर जल, व्यक्तिगत शौचालय निर्माण, कचरा प्रबंधन और पेयजल आपूर्ति पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी प्रखंड स्तर पर ग्राम जल एवं स्वच्छता समितियों की मासिक बैठक आयोजित कर योजनाओं के संचालन और रखरखाव की स्थिति का निरंतर मूल्यांकन सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में प्रोजेक्ट GARV के तहत गांडेय क्षेत्र में प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट और बायोगैस प्लांट के शीघ्र अधिष्ठापन पर जोर दिया गया। थर्माकोल उपयोग पर रोक और हर घर से कचरा पृथक्करण अभियान को प्रभावी बनाने हेतु व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम संचालित करने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को समन्वय स्थापित कर समयसीमा में योजनाओं को धरातल पर उतारने का स्पष्ट निर्देश दिया, ताकि गांडेय क्षेत्र को स्वच्छ, पर्यावरण-संवेदनशील और मॉडल क्षेत्र के रूप में विकसित किया जा सके।












