झारखंड में बढ़ती ठंड और शीतलहर को देखते हुए राज्य भर के सभी प्रकार के स्कूल 8 जनवरी तक बंद रहेंगे। बढ़ते ठंड को देखते हुए राज्य सरकार का यह बड़ा फैसला है। शिक्षा विभाग ने आदेश जारी करते हुए राज्य के सभी सरकारी, गैर सरकारी सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों को 6 से 8 जनवरी तक बंद रखने का निर्देश दिया है। अपर सचिव द्वारा जारी अधिसूचना में कहा गया है कि इन तीन दिनों के लिए प्री-नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक की कक्षाएं स्थगित रहेंगी। हालांकि, इस अवधि में शिक्षकों और शिक्षकेतर कर्मियों को नियमित रूप से स्कूल आना होगा। सरकारी आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि जिन स्कूलों में इस दौरान प्री-बोर्ड परीक्षाएं निर्धारित हैं, वहां सक्षम प्राधिकारी अपनी सुविधा और स्थिति के अनुसार परीक्षा संचालन का निर्णय ले सकते हैं। बता दे कि झारखंड में इन दोनों हाड़ कपा देने वाली ठंड से आम जन जीवन प्रभावित हुआ है। ऐसे में बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए 8 जनवरी तक सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी कर दिया।












