सीएमआर माइका फैक्ट्री के मजदूरों की लिखित शिकायत पर श्रम विभाग हरकत में आ गया है। 3 जनवरी को यूनियन नेताओं के माध्यम से श्रम कार्यालय को दी गई शिकायत के आलोक में सोमवार को नव पदस्थापित श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी राजेश कुमार ने फैक्ट्री पहुंचकर जांच की। उनके साथ कार्यालय सहकर्मी नंदू प्रसाद और यूनियन नेता राजेश यादव भी मौजूद थे। मजदूरों ने कम मजदूरी भुगतान, खराब कार्यस्थल और शोषण से जुड़े कई आरोप लगाए थे, जिस पर श्रम अधीक्षक प्रवीण कुमार के निर्देश पर यह निरीक्षण किया गया।

जांच के दौरान फैक्ट्री प्रबंधन ने मजदूरों से हुए मौखिक समझौते की बात स्वीकार की, लेकिन श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी ने इसे अस्वीकार्य बताते हुए लिखित समझौता तत्काल विभाग को सौंपने का निर्देश दिया। यूनियन नेता राजेश यादव ने कहा कि मजदूरों का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जरूरत पड़ी तो टीयूसीसी आंदोलन करेगी।












