गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र अंतर्गत बगोदर बस स्टैंड चौक के समीप रविवार देर रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। चौक जैसे व्यस्त इलाके में तेज गति से आ रही एक स्विफ्ट कार और हजारीबाग की ओर से आ रही सवारी पिकअप माल वैन के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया।
दुर्घटना में एक चालक घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल भेजा गया। सूचना मिलते ही बगोदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को सामान्य कराया। थाना प्रभारी विनय कुमार यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे का कारण प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को थाना लाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं स्थानीय लोगों ने बस स्टैंड चौक पर रात्रि गश्त बढ़ाने और वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण की मांग की है।












