गिरिडीह झारखंड छात्र मोर्चा एवं छात्र सम्मेलन की ओर से शहर के एक विवाह भवन में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों से जुड़ी समस्याओं और उनके समाधान को लेकर संगठित पहल का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में नगर विकास एवं पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान अभय कुमार के नेतृत्व में सैकड़ों छात्र-छात्राओं और युवाओं ने झारखंड मुक्ति मोर्चा व झारखंड छात्र मोर्चा की सदस्यता ग्रहण की। नव-प्रवेशी सदस्यों का पार्टी पट्टा और माला पहनाकर स्वागत किया गया।

अपने संबोधन में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने युवाओं को राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की उम्र से ही राजनीतिक समझ विकसित होनी चाहिए। साथ ही युवाओं से मोबाइल और सोशल मीडिया में समय नष्ट करने के बजाय पुस्तकों से ज्ञान अर्जित करने और सवाल पूछने की प्रवृत्ति विकसित करने की अपील की। कार्यक्रम में झामुमो जिला अध्यक्ष संजय सिंह, पूर्व विधायक केदार हजारा सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेता और छात्र उपस्थित रहे।













