गिरिडीह अंडर-19 क्रिकेट टीम के चयन को लेकर रविवार को गिरिडीह में भारी हंगामा देखने को मिला। चयन प्रक्रिया से असंतुष्ट कुछ खिलाड़ियों और उनके समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए चयनित खिलाड़ियों की बस को रोक दिया, जिससे कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई। जानकारी के अनुसार, गिरिडीह क्रिकेट संघ द्वारा 27 खिलाड़ियों का डाटा झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन को भेजा गया था, जिसमें से 15 खिलाड़ियों का चयन किया गया। चयन से वंचित खिलाड़ियों ने आरोप लगाया कि चयन प्रक्रिया निष्पक्ष नहीं रही और अधिकतर चुने गए खिलाड़ी क्रिकेट अकादमी से जुड़े हैं।

विवाद बढ़ने पर संघ पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ, जिसके बाद चयनित खिलाड़ी प्रतियोगिता के लिए बोकारो रवाना हो गए। वहीं, संघ के कोषाध्यक्ष अविनाश यादव ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि चयन पूरी तरह ट्रायल, प्रदर्शन और नियमों के आधार पर हुआ है। घटना के बाद जिले में चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर चर्चा तेज हो गई है।













