Aba News

अंडमान-निकोबार में विकास का ऐतिहासिक दिन: अमित शाह ने ₹373 करोड़ की परियोजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास, बोले—यह द्वीप अब देश के खजाने में योगदान देगा

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को श्री विजयपुरम में अंडमान-निकोबार संघ शासित प्रदेश सरकार की लगभग ₹373 करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अंडमान-निकोबार द्वीप समूह अब केवल इतिहास और बलिदान की भूमि ही नहीं, बल्कि भारत की संप्रभुता, समुद्री शक्ति, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों का सशक्त केंद्र बनता जा रहा है। कार्यक्रम में केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, बंडी संजय कुमार, अंडमान-निकोबार के प्रशासक डी. के. जोशी और गृह सचिव गोविंद मोहन सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में अमित शाह ने कहा कि जिस धरती पर अंग्रेजों ने सेलुलर जेल का निर्माण किया था, वहीं स्वतंत्रता सेनानियों ने असहनीय यातनाओं को सहकर भारत की आज़ादी की नींव मजबूत की। उन्होंने कहा कि सेलुलर जेल में स्थापित वीर सावरकर का स्मारक और प्रज्ज्वलित मशाल आज भी पूरी दुनिया को स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान की कहानी सुनाती है। उन्होंने याद दिलाया कि नेताजी सुभाषचंद्र बोस ने इसी धरती पर सबसे पहले तिरंगा फहराया था और उन्हीं के सम्मान में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अंडमान-निकोबार के द्वीपों के नाम ‘शहीद’ और ‘स्वराज’ रखे। अमित शाह ने कहा कि यह भूमि हर भारतीय के लिए तीर्थभूमि है, जहां पीड़ा को शक्ति और यातना को स्वाधीनता के संकल्प में बदला गया।

अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने अंडमान-निकोबार को सामरिक और आर्थिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित किया है। उन्होंने कहा कि जहां पिछली सरकारें इस द्वीप समूह को देश के खजाने पर बोझ मानती थीं, वहीं मोदी सरकार में यह देश के खजाने में योगदान देने जा रहा है। उन्होंने बताया कि आज एक ही दिन में नौ बड़ी परियोजनाओं का लोकार्पण और दो परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। इनमें ₹229 करोड़ की लागत वाला एकीकृत कमांड एवं कंट्रोल सेंटर, ₹33 करोड़ की लागत से जिला अस्पताल (चरण-1), फॉरेंसिक साइंस लैब और ₹50 करोड़ की लागत वाली छह अन्य विकास योजनाएं शामिल हैं। इसके साथ ही तीन नए आपराधिक कानूनों पर आधारित प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया गया, जो आने वाले समय में आपराधिक न्याय प्रणाली में बड़े बदलावों को दर्शाती है।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि अंडमान-निकोबार में पर्यटन, ब्लू इकॉनमी, मत्स्य संपदा, कृषि, MSME और स्वच्छ ऊर्जा—हर क्षेत्र में विकास की नई शुरुआत हो चुकी है। ग्रेट निकोबार परियोजना को उन्होंने भारत की सामरिक सुरक्षा, वैश्विक कार्गो हब और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन केंद्र के रूप में बेहद अहम बताया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार अंडमान-निकोबार को अंतरराष्ट्रीय स्कूबा डाइविंग और एडवेंचर वाटर स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन बनाने की दिशा में काम कर रही है। पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए उन्होंने बताया कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत यहां 24 लाख पौधे लगाए गए हैं। वहीं श्री विजयपुरम नगर पालिका परिषद द्वारा 98% घरों से कचरा संग्रहण को स्वच्छ भारत मिशन की ऐतिहासिक सफलता बताया। अंत में अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता, स्वदेशी और सर्वांगीण विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है और आज़ादी की शताब्दी तक भारत को हर क्षेत्र में विश्व में अग्रणी बनाने का संकल्प लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें