सिखों के दसवें गुरु साहिबे-कमाल श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के पावन प्रकाश दिवस के अवसर पर गिरिडीह में सिख समाज द्वारा 29 दिसंबर से लगातार प्रभात फेरी निकाली जा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार की सुबह पंजाबी मोहल्ला स्थित गुरुद्वारा से प्रभात फेरी आरंभ हुई, जो बंगाल रूबी, विश्वनाथ मंदिर, पावर हाउस चौक, अरगाघाट रोड और श्रम कल्याण होते हुए पुनः पंजाबी मोहल्ला स्थित सरदार भूपेंद्र सिंह के आवास पहुंची। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर प्रभात फेरी का स्वागत किया।

प्रभात फेरी के दौरान भजन-कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। सरदार भूपेंद्र सिंह के आवास पहुंचने के बाद गुरुद्वारा साहिब में कीर्तन का आयोजन किया गया तथा श्रद्धालुओं के लिए अल्पाहार की व्यवस्था की गई। सिख समाज ने बताया कि यह प्रभात फेरी 3 जनवरी तक जारी रहेगी, जबकि 4 जनवरी को स्टेशन रोड स्थित मुख्य गुरुद्वारा में भव्य रूप से गुरुपर्व मनाया जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सिख श्रद्धालु उपस्थित रहे।













