गिरिडीह नव वर्ष के अवसर पर गुरुवार को जिले भर में पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। खंडोली वॉटर फॉल समेत सभी प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। वर्दीधारी जवानों के साथ-साथ सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मी भी तैनात रहे, ताकि हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा सके। जल क्षेत्र में विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। बोटिंग के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए स्थानीय मछुआरों और प्रशिक्षित गोताखोरों को भी मौके पर तैनात किया गया।

प्रशासन द्वारा लगातार सैलानियों से सावधानी बरतने, लाइफ जैकेट पहनने और तय नियमों का पालन करने की अपील की जाती रही। सख्त सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक सतर्कता के कारण पूरे दिन खंडोली में शांति और व्यवस्था बनी रही, जिससे पर्यटकों ने बेफिक्र होकर नए साल का आनंद उठाया। वहीं शहरी क्षेत्रों में भी चौक-चौराहों पर पुलिस की सक्रिय गश्त जारी रही, जिससे कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रही।













