गिरिडीह नव वर्ष के आगमन को लेकर गिरिडीह पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड में है। किसी भी तरह की अव्यवस्था या असामाजिक गतिविधि पर रोक लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने सभी एसडीपीओ, डीएसपी, थाना एवं ओपी प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में गुरुवार को गिरिडीह कॉलेज मोड़ पर एसडीपीओ जितवाहन उरांव के नेतृत्व में, वहीं कोलडीहा पेट्रोल पंप के पास डीएसपी नीरज कुमार सिंह की अगुवाई में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान आने-जाने वाले सभी वाहनों की सघन जांच की गई। अधिकारियों ने बताया कि नशे की हालत में वाहन चलाने वालों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि नए साल के जश्न में खलल डालने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। शांतिपूर्ण नववर्ष मनाने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।













