गिरिडीह जिले के बोड़ो स्थित टाटा मोटर्स मोटोजेन शोरूम को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने बुधवार को सील कर दिया। यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के गंभीर मामले में निलंबित आईएएस अधिकारी विनय कुमार चौबे, उनके रिश्तेदारों और सहयोगियों के खिलाफ चल रही जांच के तहत की गई। अचानक हुई इस कार्रवाई से गिरिडीह समेत आसपास के क्षेत्रों में हड़कंप मच गया। एसीबी की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से शोरूम पहुंचकर वित्तीय लेन-देन, निवेश, आयकर रिटर्न और अन्य अहम दस्तावेजों की गहन जांच की।
जांच में सामने आया है कि यह शोरूम स्निग्धा सिंह के नियंत्रण में संचालित था, जो विनय चौबे के करीबी सहयोगी विनय सिंह की पत्नी हैं। एसीबी का दावा है कि चौबे की अवैध कमाई का बड़ा हिस्सा इसी शोरूम में निवेश किया गया। स्निग्धा सिंह फिलहाल फरार बताई जा रही हैं। इसी मामले में गिरिडीह सहित धनबाद, कोडरमा, रांची और देवघर के टाटा मोटर्स शोरूमों पर भी छापेमारी की गई है। जांच जारी है और और बड़े खुलासों की संभावना जताई जा रही है।












