गिरिडीह केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने गिरिडीह में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सरकार गांव, गरीब, किसान, महिला और युवाओं के सर्वांगीण विकास पर लगातार काम कर रही है। मंत्री ने बताया कि रोजगार योजनाओं को और सशक्त किया गया है। मनरेगा के तहत अब 100 दिनों के बजाय 125 दिनों का रोजगार दिया जाएगा, जिससे ग्रामीण परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही किसानों को 60 दिनों तक अपने खेतों में किए गए कार्यों का भी लाभ मिलेगा और पंचायत स्तर पर स्थानीय जरूरतों के अनुसार योजनाओं का चयन किया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री ने मनरेगा कर्मियों के लिए प्रावधान 6 प्रतिशत से बढ़ाकर 9 प्रतिशत किए जाने की जानकारी दी और महिला सशक्तिकरण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने सांसद खेल महोत्सव का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे युवाओं की खेल प्रतिभा को बढ़ावा मिल रहा है। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि अच्छी योजनाओं पर भी बेवजह आलोचना करना विपक्ष की आदत बन गई है, जबकि सरकार देश के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।












