शहर में ट्रैफिक सुरक्षा और जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गिरिडीह टावर चौक से कल्याणडीह फोरलेन के डिवाइडर पर लाल रेडियम लगाने का कार्य शुरू किया गया। इस पहल की शुरुआत ट्रैफिक डीएसपी कौसर अली ने स्वयं अपने हाथों से हथौड़ी से रेडियम पट्टा लगाकर की। उन्होंने कहा कि डिवाइडर छोटा होने के कारण दिन और रात में वाहन चालकों को स्पष्ट दिखाई नहीं देता, जिससे कई बार वाहन डिवाइडर पर चढ़ जाते हैं। 31 दिसंबर और 1 जनवरी को बाहर से आने वाले वाहनों की संख्या बढ़ने को देखते हुए यह कदम काफी राहत देने वाला साबित होगा।
डीएसपी कौसर अली ने दुकानदार संघ की इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि ट्रैफिक सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, आम जनता की भी सहभागिता जरूरी है। उन्होंने दुकानदारों से अपील की कि वे अपने दुकानों के सामने वाहन खड़े करें, लेकिन सड़क पर सटाकर न लगाएं। सामाजिक कार्यकर्ता राजेश सिन्हा ने इसे जनहित का कार्य बताया। दुकानदारों ने कहा कि वे जेपी चौक से पचंबा कल्याणडीह तक एक-दो दिन में रेडियम लगाने का कार्य पूरा करेंगे और लोगों से अपील की कि सड़क निर्माण पूरा होने तक वाहन धीमी गति से चलाएं।












