गिरिडीह। शहर के बड़े चौक स्थित श्री राम जानकी महावीर मंदिर में भव्य वार्षिक महोत्सव को लेकर पूरा माहौल भक्तिमय हो गया है। मंगलवार की शाम मंदिर परिसर में सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। मंदिर को रंग-बिरंगी लाइटों और आकर्षक सजावट से सजाया गया है, जिससे पूरा बड़ा चौक जगमग रोशनी से भर गया है।

31 दिसंबर को वार्षिक महोत्सव धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर श्री राम जानकी की पूजा-अर्चना के बाद भंडारा का आयोजन किया जाएगा। स्थानीय लोग और श्रद्धालु इस उत्सव का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में उपस्थित होंगे। मंदिर में भक्तों की आस्था और उत्साह देखते ही बन रहा है, जिससे पूरे शहरी क्षेत्र में उत्सव और धार्मिक भावना का वातावरण बना हुआ है।












