गिरिडीह जिले के सरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत चिचाकी बाजार में चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने चिचाकी स्थित रानी ज्वेलर्स को निशाना बनाते हुए करीब पांच लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। चोरों ने दुकान का शटर और अंदर लगा ग्रिल गेट काटकर वारदात को अंजाम दिया। चोरी गए सामानों में सोने की अंगूठियां, चांदी के पायल, बिछिया, लॉकेट सहित अन्य कीमती आभूषण शामिल हैं।

चोरों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी उखाड़कर अपने साथ ले गए। सुबह जब आसपास के दुकानदारों ने टूटा शटर देखा तो इसकी सूचना दुकान मालिक नंद किशोर स्वर्णकार को दी गई, जिसके बाद सरिया थाना पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। घटना के बाद चिचाकी बाजार के व्यापारियों में दहशत का माहौल है।












