गिरिडीह शहर के शहरी क्षेत्र में टावर चौक के समीप आम रास्ता घेरकर बहुमंजिली इमारत निर्माण के मामले को लेकर सोमवार को दो पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। मौके पर दोनों पक्षों के लोग आपस में उलझ पड़े, जिससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। मामला सामने आने के बाद नगर निगम ने संबंधित निर्माणकर्ता को नोटिस जारी कर सभी दस्तावेजों के साथ अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया है।
पहले पक्ष की ओर से बक्सीडीह रोड निवासी गुड़िया कुमारी और उनके पिता जय श्रीराम राय ने आरोप लगाया कि मनीष कुमार और धर्मवीर कुमार ने छह फीट चौड़े आम रास्ते को घेरकर बहुमंजिली इमारत बना ली है, जिससे पीछे के रैयतों का आवागमन बाधित हो गया है। वहीं दूसरे पक्ष के धर्मवीर कुमार और मनीष कुमार का कहना है कि उन्होंने नौ डिसमिल जमीन खरीदी है, जिसके दस्तावेजों में किसी रास्ते का उल्लेख नहीं है। उन्होंने जांच की मांग करते हुए सहयोग का भरोसा दिया है।












