गिरिडीह समाहरणालय सभागार में जिला उपायुक्त रामनिवास यादव की अध्यक्षता में सामान्य, विधि, उच्च न्यायालय एवं मानवाधिकार से संबंधित मामलों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े लंबित वादों की विभागवार समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी विभाग गंभीरता के साथ निश्चित समयावधि में मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने उच्च एवं उच्चतम न्यायालय से संबंधित वादों में प्रति-शपथ पत्र दायर करने की अद्यतन स्थिति की भी समीक्षा की और समय पर प्रभावी प्रतिवेदन दाखिल करने पर जोर दिया।

उपायुक्त ने कहा कि न्यायालयीन मामलों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आपूर्ति, समाज कल्याण, भू-अर्जन, शिक्षा विभाग, नगर निगम, प्रखंड एवं अंचल से जुड़े लंबित मामलों पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया। गंभीर और जटिल मामलों को तत्काल संज्ञान में लाने को कहा गया ताकि त्वरित समाधान निकाला जा सके। बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला स्तरीय पदाधिकारी, बीडीओ, सीओ सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।













