Aba News

राष्ट्रपति मुर्मू का झारखंड दौरा: जमशेदपुर में शताब्दी समारोह से लेकर गुमला रायडीह के कार्तिक जतरा तक, जानिए पूरा कार्यक्रम

रांची। द्रौपदी मुर्मू तीन दिवसीय झारखंड दौरे पर रविवार शाम करीब छह बजे रांची पहुंचीं। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उनका भव्य स्वागत किया। एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, जिसके बाद उनका काफिला लोकभवन (राजभवन) के लिए रवाना हुआ। राष्ट्रपति ने रात्रि विश्राम रांची में किया। उनके आगमन को लेकर पूरे लोकभवन परिसर और राज्यभर में उत्साह का माहौल रहा। मुख्यमंत्री और राज्यपाल ने सोशल मीडिया के माध्यम से राष्ट्रपति का झारखंड की वीर और जनजातीय परंपराओं से जुड़ी धरती पर स्वागत करते हुए इसे राज्य के लिए गौरव का क्षण बताया।

सोमवार को राष्ट्रपति मुर्मू सुबह करीब 9:30 बजे जमशेदपुर के लिए रवाना होंगी। वहां वह संथाली भाषा की ऐतिहासिक लिपि ओलचिकी के शताब्दी समारोह में शामिल होंगी, जिसे आदिवासी संस्कृति और भाषाई पहचान के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके बाद राष्ट्रपति राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान जमशेदपुर (NIT जमशेदपुर) के 15वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी और विद्यार्थियों को संबोधित करेंगी। यह कार्यक्रम शिक्षा और तकनीकी विकास की दिशा में प्रेरणादायक माना जा रहा है। कार्यक्रमों की समाप्ति के बाद राष्ट्रपति पुनः रांची लौटेंगी और लोकभवन में रात्रि विश्राम करेंगी।

मंगलवार को राष्ट्रपति का कार्यक्रम गुमला जिले से जुड़ा है। वह सुबह करीब 9:45 बजे रांची एयरपोर्ट से छत्तीसगढ़ के जसपुर के लिए उड़ान भरेंगी, जहां से सड़क मार्ग द्वारा लगभग 20–25 किलोमीटर की यात्रा कर रायडीह (गुमला) पहुंचेंगी। यहां मांझाटोली स्थित पंखराज साहेब कार्तिक उरांव चौक पर आयोजित अंतर्राज्यीय जन सांस्कृतिक समागम समारोह कार्तिक जतरा-2025 में वह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। राष्ट्रपति इस अवसर पर स्वर्गीय कार्तिक उरांव की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगी। समारोह में स्वागत भाषण आयोजक सह अध्यक्ष शिवशंकर उरांव देंगे, जबकि अंत में करीब दोपहर 12 बजे राष्ट्रपति का संबोधन प्रस्तावित है।

गुमला में आयोजित इस भव्य अंतर्राज्यीय कार्यक्रम में केंद्रीय जनजातीय मंत्री जुएल ओराम, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी तथा अनुसूचित जनजाति एवं अनुसूचित जाति विषयक संसदीय समिति के अध्यक्ष फगन सिंह कुलस्ते सहित कई गणमान्य अतिथि शामिल होंगे। कार्यक्रम के समापन के बाद राष्ट्रपति जसपुर से उड़ान भरकर दोपहर करीब 2:45 बजे रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचेंगी और वहीं से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगी। राष्ट्रपति के इस तीन दिवसीय दौरे को झारखंड की सांस्कृतिक पहचान, शिक्षा और जनजातीय विरासत के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें