गिरिडीह शहर में शनिवार सुबह झंडा मैदान से ‘किसना डायमंड मैराथन’ का भव्य आयोजन किया गया। H.K. Group के संस्थापक एवं प्रसिद्ध उद्योगपति घनश्याम ढोलकिया के सौजन्य से आयोजित इस मैराथन में 5 किलोमीटर की दौड़ को वन प्रमंडल पदाधिकारी (DFO) मनीष तिवारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पहली बार इतने बड़े स्तर पर हुए आयोजन को लेकर युवाओं, महिलाओं और खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखा गया।

मैराथन के विजेताओं को पुरस्कार स्वरूप डायमंड ज्वेलरी प्रदान की गई। यह आयोजन ‘स्वच्छ भारत’ और ‘स्वस्थ भारत’ अभियान के तहत जन-जागरूकता का माध्यम रहा, जिसका उद्देश्य फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है। खास बात यह रही कि देश के 100 शहरों में एक साथ इस मैराथन का आयोजन हुआ, जिससे इसके गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज होने की प्रबल संभावना बनी है। कार्यक्रम में मोहन बगड़िया, राजकुमार बर्नवाल, प्रकाश गोयनका, विकास कुमार, मनीष टारवे, सीए दीपक संथोलिया और अभिषेक जैन सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजकों ने शहरवासियों से ऐसे आयोजनों में सक्रिय भागीदारी की अपील की।













