गिरिडीह शहर के आईसीआर रोड स्थित श्याम मंदिर में आयोजित होने वाली सात दिवसीय श्रीमद भागवत कथा को लेकर शनिवार को शहर में भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कुटिया रोड स्थित श्याम भक्त मंडल से प्रारंभ हुई इस कलश यात्रा में 151 महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर श्याम प्रभु की भक्ति में लीन होकर भाग लिया। कलश यात्रा शहरी क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंची।

यात्रा के दौरान पूरे रास्ते श्याम प्रभु के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया और शहर गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर कलश यात्रा का स्वागत किया। आयोजन से पूरा क्षेत्र आध्यात्मिक उल्लास से भर गया। इस अवसर पर मुकेश जालान, बांके बिहारी शर्मा, किशन जालान सहित बड़ी संख्या में श्याम भक्त और स्थानीय लोग मौजूद रहे। आयोजकों ने बताया कि सात दिवसीय श्रीमद भागवत कथा के दौरान प्रतिदिन प्रवचन, भजन और आरती का आयोजन किया जाएगा, जिससे श्रद्धालु धर्म लाभ प्राप्त करेंगे।












