गिरिडीह में शनिवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) जिला समिति ने केंद्र सरकार के प्रस्तावित VB-G RAM G बिल 2025 के विरोध में टावर चौक स्थित पुराने नगर निगम परिसर में एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। धरने की अगुवाई जिला अध्यक्ष संजय सिंह ने की। इस दौरान नेताओं ने मनरेगा अधिनियम, 2005 को कमजोर करने के प्रयास का आरोप लगाते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वक्ताओं ने कहा कि मनरेगा गरीबों, मजदूरों, दलितों और आदिवासियों की जीवनरेखा है।

धरना को संबोधित करते हुए संजय सिंह ने कहा कि VB-G RAM G कानून ग्रामीण मजदूरों के रोजगार के कानूनी अधिकार को खत्म करने की साजिश है, जिसे झामुमो कभी स्वीकार नहीं करेगा। धरना समाप्ति के बाद झामुमो प्रतिनिधिमंडल ने गिरिडीह उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर बिल को वापस लेने और मनरेगा को और मजबूत करने की मांग की। प्रदर्शन में पूर्व विधायक केदार हाजरा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।












