गिरिडीह जिले में सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों के पालन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला परिवहन विभाग द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। हाल ही में शहर के बस स्टैंड के समीप डीटीओ संतोष कुमार के नेतृत्व में दो-पहिया और चार-पहिया वाहनों की जांच की गई। अभियान के दौरान बिना हेलमेट, वाहनों के कागजात न होने या वन-वे नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान काटे गए और जुर्माना भी लगाया गया।

डीटीओ संतोष कुमार ने कहा कि सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों का पालन सुनिश्चित करना सभी का कर्तव्य है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे नियमों का पालन करें ताकि अपनी सुरक्षा के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके। उन्होंने बताया कि ऐसे अभियान समय-समय पर जारी रहेंगे और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।













