गिरिडीह में झारखंड सरकार द्वारा पेसा (पंचायत विस्तार अनुसूचित क्षेत्र) कानून लागू किए जाने के बाद शुक्रवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से जोरदार जश्न मनाया गया। पार्टी कार्यालय से टावर चौक तक ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता शामिल हुए। हाथों में पार्टी झंडा लिए कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राज्य सरकार के प्रति आभार जताया। पूरा इलाका उत्साह और खुशी के माहौल में सराबोर नजर आया।

रैली का नेतृत्व कर रहे झामुमो जिला अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि पेसा कानून आदिवासी और मूलवासी समाज की वर्षों पुरानी मांग थी। इसके लागू होने से ग्राम सभाओं को सशक्त अधिकार मिलेंगे और जल-जंगल-जमीन की रक्षा सुनिश्चित होगी। टावर चौक पर रैली सभा में तब्दील हो गई, जहां वक्ताओं ने पेसा कानून को ऐतिहासिक बताते हुए इसे स्वशासन और स्थानीय विकास की दिशा में बड़ा कदम बताया।













